Chatra: जिले के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय में अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद सामाजिक विरोध का एक अनोखा मामला सामने आया है. प्रखंड मुख्यालय निवासी अशोक पांडेय की पुत्री संध्या कुमारी (21) द्वारा अंतरजातीय प्रेम विवाह किए जाने से नाराज परिजनों और ब्राह्मण समाज के लोगों ने शुक्रवार को प्रतीकात्मक रूप से उसकी शवयात्रा निकालकर हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म किया. जानकारी के अनुसार, संध्या कुमारी और प्रमोद दांगी के पुत्र विवेक कुमार (22) ने 29 जून को घर से निकलकर प्रेम विवाह कर लिया था. मामला थाना तक पहुंचा, लेकिन दोनों ने अलग होने से इनकार कर दिया. बाद में विवेक के परिजनों ने दोनों के विवाह को स्वीकार करते हुए उन्हें अपने घर ले लिया.
सामाजिक बैठक के बाद लिया गया निर्णय
इसके बाद ब्राह्मण समाज के कुछ सदस्यों ने इस विवाह का विरोध जताते हुए सामाजिक बैठक की और शुक्रवार को प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार व श्राद्ध का आयोजन किया. कार्यक्रम के दौरान शवयात्रा निकाली गई तथा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धार्मिक अनुष्ठान किए गए.

ब्राह्मण समाज के प्रदेश कार्यकारी सदस्य यदुनंदन पांडेय ने कहा कि समाज की परंपराओं के विपरीत इस प्रकार के विवाह को स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने इसे सामाजिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए ऐसे मामलों को बढ़ावा नहीं देने की बात कही.
कार्यक्रम में मौजूद लोग
हालांकि, कानून के अनुसार बालिग व्यक्ति को अपनी पसंद से विवाह करने का अधिकार प्राप्त है. यह घटना परंपरा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के बीच टकराव को भी दर्शाती है. विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में संवाद और सामाजिक सहिष्णुता के माध्यम से समाधान निकालना अधिक उचित है, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे.
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, जिला संरक्षक कृष्णदेव पांडेय, जिला सचिव राजन पांडेय, उपमुखिया वीरेंद्र उर्फ विकास पांडेय, अरुण पांडेय समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग एवं परिजन उपस्थित थे.


