Click Here
Click Here
Click Here

JPSC परीक्षा विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, ‘भाजपा युवाओं को गुमराह करना बंद करे’ : ऋषीकेश सिंह

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम...

Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश सचिव एवं प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने जेपीएससी की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम को लेकर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बिना किसी ठोस साक्ष्य के संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर युवाओं को भ्रमित करने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद, भ्रामक और राजनीतिक हताशा का परिणाम बताया है.

अगर सबूत हैं तो अदालत या सक्षम मंच पर रखें

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि यदि भाजपा के पास जेपीएससी परीक्षा में किसी प्रकार की अनियमितता के ठोस प्रमाण हैं, तो उन्हें प्रेस कॉन्फ्रेंस में कागज लहराने के बजाय न्यायिक या संवैधानिक मंच पर प्रस्तुत करना चाहिए. केवल मीडिया में बयानबाजी कर लाखों अभ्यर्थियों के मन में संशय पैदा करना गैर-जिम्मेदाराना है. उन्होंने कहा कि हर परीक्षा के परिणाम पर सवाल खड़े करना और उसे राजनीतिक रंग देना युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय है.

महागठबंधन सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को दी रफ्तार

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि महागठबंधन सरकार बनने के बाद वर्षों से लंबित सरकारी भर्तियों को तेज गति से आगे बढ़ाया गया है. जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से नियमित परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, प्रशासन, शिक्षक, सहायक आचार्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, तकनीकी, ऊर्जा, राजस्व, उत्पाद, पेयजल एवं स्वच्छता सहित विभिन्न विभागों में नियुक्तियां पूरी हो चुकी हैं या प्रक्रिया अंतिम चरण में है.

युवाओं का भरोसा बढ़ा, इसलिए भाजपा बेचैन

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि आज झारखंड का युवा सड़कों पर आंदोलन करने के बजाय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा है. यह सरकार की पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया पर बढ़ते विश्वास का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती प्रक्रिया पर यदि किसी को वास्तविक आपत्ति है तो उसके समाधान के लिए कानूनी और संवैधानिक व्यवस्था मौजूद है, लेकिन बिना प्रमाण पूरी चयन प्रक्रिया को कटघरे में खड़ा करना लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का मनोबल तोड़ने जैसा है.

Read Also: झारखंड में डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, हर प्रमंडल में बनेंगे आधुनिक स्टूडियो

भाजपा पहले अपने राज्यों के भर्ती घोटालों का जवाब दे

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक और भर्ती घोटालों की घटनाएं भाजपा शासित राज्यों से सामने आई हैं. ऐसे में झारखंड की भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने से पहले भाजपा को अपने शासन वाले राज्यों में हुई अनियमितताओं का जवाब देना चाहिए.

झारखंड के युवाओं को अफवाह नहीं, रोजगार चाहिए

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि झारखंड के युवाओं को राजनीति से प्रेरित अफवाहों की नहीं, बल्कि रोजगार और बेहतर अवसरों की जरूरत है. महागठबंधन सरकार पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *