Hazaribagh : घर में शादी के मंगलगीत गाए जा रहे थे. तिलक और लगन जैसी सभी रस्में पूरी हो चुकी थी. दूल्हा सेहरा बांधकर बस उस सजी हुई गाड़ी में बैठने वाला था, जो उसे उसकी दुल्हनिया तक ले जाने के लिए द्वार पर खड़ी थी. खुशियों से सराबोर इस माहौल में अचानक दूल्हे के मोबाइल की एक बीप बजती है, और चंद सेकंड में ही शादी वाले घर की सारी खुशियां सन्नाटे में बदल जाती है. यह मैसेज किसी और का नहीं, बल्कि होने वाली दुल्हन के प्रेमी का था. जिसने अपनी पांच साल की सीक्रेट लव-स्टोरी सबूतों के साथ दूल्हे के फोन पर भेज दी थी. हजारीबाग जिले के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत अमनारी गांव में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो किसी फिल्मी कहानी जैसा लगता है. शादी के वक्त आये इस एक मैसेज ने परिवार की प्रतिष्ठा और एक युवक के अरमानों को तार-तार कर दिया. जानकारी के अनुसार, एक गांव के युवक की शादी तय हुई थी. घर में मेहमानों और सगे-संबंधियों का जमावड़ा लगा था. शादी की सभी महत्वपूर्ण रस्में हंसी-खुशी संपन्न हो चुकी थी.
सबूत देख दूल्हे के पैरों तले खिसकी जमीन
बारात निकलने की पूरी तैयारी थी. गाजे-बाजे के शोर के बीच दूल्हे की गाड़ी दरवाजे पर सज-धज कर तैयार खड़ी थी. इसी बीच दूल्हे के मोबाइल पर उत्तरप्रदेश के रहने वाले शिवम नाम के एक युवक का मैसेज आता है. मैसेज भेजने वाले ने खुद को होने वाली दुल्हन का प्रेमी बताया. उसने सिर्फ दावे ही नहीं किए, बल्कि पिछले पांच सालों से चल रहे उनके प्रेम प्रसंग का पूरा वृत्तांत और बातों को सच साबित करने के लिए उसने कई पुख्ता प्रमाण भी संलग्न कर दिए. इन सबूतों को देखते ही दूल्हे के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस युवक के मन में कुछ देर पहले तक अपनी नई जिंदगी को लेकर सुनहरे सपने पल रहे थे. उसकी मानसिक स्थिति का अंदाजा लगाना भी मुश्किल है. इस खुलासे के बाद शादी वाले घर में हड़कंप मच गया. गाजे-बाजे की शोर अचानक गहमागहमी में तब्दील हो गयी. मामले की गंभीरता और हाल ही में अखबारों की सुर्खियां बनीं आपराधिक घटनाओं को देखते हुए दूल्हे के परिजनों ने तुरंत कड़ा फैसला लिया. लड़के वालों ने स्पष्ट कर दिया कि वे इस रिश्ते को आगे नहीं बढ़ा सकते.

परिजनों ने बारात ले जाने से किया साफ इनकार
हाल की खौफनाक घटनाओं ने परिवार को इस कदर सहमा दिया कि उन्होंने बारात ले जाने से साफ इनकार कर दिया और शादी वहीं टूट गई. यह घटना सिर्फ एक शादी टूटने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आज के समाज के लिए एक गहरी चिंता का विषय है. आधुनिकता, फैशन और फ्रीडम के नाम पर युवा पीढ़ी भविष्य की परवाह किए बिना किस अंधी गली में जा रही है, यह उसका एक जीता-जागता उदाहरण है. फिलहाल, लोग दूल्हे व उसके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जता रहे है.
ALSO READ : वॉशिंगटन ने रद्द किया ईरान के तेल निर्यात से जुड़े लाइसेंस, टकराव की स्थिति


