Chaibasa: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने गुरुवार को मझगांव विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी हो महासभा द्वारा आयोजित आंदोलन में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों के साथ कथित मारपीट और उत्पीड़न की घटनाओं को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की.
11 जुलाई की घटना का किया जिक्र
. भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पीड़ित ग्रामीणों ने गीता कोड़ा को बताया कि 11 जुलाई की रात मझगांव बाजार में डीजल भरवाने के दौरान कुछ युवकों के साथ दूसरे समुदाय के लोगों ने कथित रूप से गाली-गलौज और मारपीट की. विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और बाद में उनका पीछा कर दोबारा हमला किया गया.
13 जुलाई को दोबारा मारपीट का आरोप
विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि 13 जुलाई को उन्हीं युवकों के साथ फिर मारपीट की गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया.
14 जुलाई को गांव में तनाव का दावा
भाजपा के अनुसार, 14 जुलाई को एसआईआर पाठशाला के समीप 40 से 50 लोगों की भीड़ गांव पहुंची और महिलाओं व ग्रामीणों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की. पार्टी का दावा है कि इस घटना से गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया तथा कई ग्रामीणों को चोटें आईं.
गीता कोड़ा ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
आंदोलन को संबोधित करते हुए गीता कोड़ा ने कहा कि लगातार तीन दिनों तक आदिवासी समाज के लोगों के साथ इस तरह की घटनाएं बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं. उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती और झारखंड की सामाजिक सौहार्द की परंपरा को बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
सरकार से की ये मांग
गीता कोड़ा ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.
भाजपा ने पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने की बात कही
भाजपा ने अपने बयान में कहा कि पार्टी पीड़ित आदिवासी परिवारों के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक उनके संघर्ष में हरसंभव सहयोग करती रहेगी.
ALSO READ: चाईबासा: ACC प्लांट बंदी पर हलचल तेज, मंत्री दीपक बिरुवा ने मजदूरों के साथ की बड़ी बैठक
