Rajnagar: राजनगर थाना क्षेत्र के कीता गांव निवासी एवं हायवा चालक बीजू नंदी (35) का शव गुरुवार को चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट परिसर में निर्माणाधीन क्वार्टर से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बीजू नंदी पिछले तीन दिनों से लापता थे. परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को निर्माणाधीन क्वार्टर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास मौजूद लोगों को संदेह हुआ. जब क्वार्टर का दरवाजा खोलकर देखा गया तो अंदर एक शव पड़ा मिला. इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई.
तेज दुर्गंध आने पर खुला मामला, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शव की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के कीता गांव निवासी बीजू नंदी के रूप में की गई. बताया जाता है कि बीजू नंदी हायवा चालक थे और प्रतिदिन हायवा चलाने के बाद घर लौटते थे, लेकिन पिछले तीन दिनों से उनके घर नहीं पहुंचने पर परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि चालियामा स्थित रुंगटा स्टील प्लांट के निर्माणाधीन क्वार्टर से एक शव बरामद किया गया है. मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
ALSO READ: चाईबासा: मझगांव में आदिवासी समाज पर हमले का आरोप, गीता कोड़ा ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
