Sahibganj: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ‘मनौव्वर अंसारी’ नाम के एक युवक ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को ‘मनोहर’ बताया और एक नाबालिग हिंदू लड़की को शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया. आरोपी ने मंदिर ले जाकर लड़की की मांग में सिंदूर भी भरा, लेकिन मंदिर कमेटी की मुस्तैदी से इस पूरी साजिश का भंडाफोड़ हो गया. साहिबगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
असली नाम छिपाकर की दोस्ती, शादी का नाटक कर मांग में भरा सिंदूर
यह मामला साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र का है. बरहेट संताली मोमिन टोला निवासी अब्दुल अंसारी के बेटे मनौव्वर अंसारी ने रांगा क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग हिंदू लड़की से दोस्ती की थी. दोनों एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे. मनौव्वर ने लड़की को कभी अपनी असली पहचान नहीं बताई और खुद का नाम ‘मनोहर’ बताकर उसे अपने प्रेम जाल में फंसाए रखा. यह मामला तब खुलकर सामने आया जब बुधवार को आरोपी युवक नाबालिग को अपनी स्कूटी पर बैठाकर शिवगादी मंदिर ले गया. वहां उसने नाबालिग की मांग में सिंदूर डाल दिया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को जब युवक की हरकतों पर शक हुआ, तो उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत शिवगादी मंदिर प्रबंधन समिति को दी.
CCTV फुटेज से खुला राज, स्कूटी से बरामद हुआ बुर्का
सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के सदस्यों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में मामले की सच्चाई सामने आते ही इसकी सूचना बरहेट थाना पुलिस को दी गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनौव्वर को मौके से ही धर दबोचा. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की स्कूटी से एक बुर्का भी मिला. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नाबालिग लड़की को अपनी पहचान छिपाकर सफर कराने और लोगों की नजरों से बचाने के लिए बुर्का पहनाता था.
पीड़िता की मां ने दर्ज कराई FIR, पहले भी रांची ले जाकर शोषण का आरोप
नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. दर्ज FIR के मुताबिक 15 जुलाई को नाबालिग लड़की बरहेट स्थित अपने स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन दोपहर करीब 11:30 बजे परिजनों को उसके साथ अनहोनी की सूचना मिली. पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि इससे पहले 29 जून को भी मनौव्वर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर रांची ले गया था, जहां उसने नाबालिग को काफी परेशान किया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए. पीड़िता तीन बहनें हैं और उसके पिता की मौत हो चुकी है. घर में कमाने वाला कोई पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण उसके मामा ही उसकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाते थे. आरोपी ने पीड़िता की इसी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का फायदा उठाया.
मामले की गहनता से जांच कर रही पुलिस
बरहेट थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मनौव्वर अंसारी को गुरुवार को साहिबगंज कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया. वहीं, पीड़िता को उसकी मां और मामा की मौजूदगी में कोर्ट लाया गया, जहां मजिस्ट्रेट के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके.
यह भी पढ़ें: सिंहभूम लोकसभा सीट पर कांग्रेस की दावेदारी, कार्यकर्ताओं की भावना आलाकमान तक पहुंचाएंगे: सांसद कालीचरण मुंडा
