Lohardaga: किस्को प्रखंड में फ्रेंडशिप क्लब द्वारा आयोजित चार दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ. खेल प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी उपस्थिति के बीच आयोजित उद्घाटन समारोह उत्साह और खेल भावना से सराबोर रहा. प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू और विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर किया. इस अवसर पर फ्रेंडशिप क्लब की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया.
‘लोहरदगा को खेल की नगरी बनाना है लक्ष्य’ : धीरज प्रसाद साहू
मुख्य अतिथि धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि लोहरदगा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य लोहरदगा को खेल की नगरी के रूप में विकसित करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाएं जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय शिव प्रसाद साहू का सपना था कि लोहरदगा के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिले और उसी सपने को साकार करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा.
खिलाड़ियों को अनुशासन, शिक्षा और नशामुक्ति का संदेश
धीरज प्रसाद साहू ने खिलाड़ियों से अनुशासन के साथ खेल खेलने, शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार मानने तथा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि खेल और शिक्षा में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने वाले युवा निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करेंगे. साथ ही उन्होंने BS कॉलेज स्टेडियम को खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बताते हुए इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
विशिष्ट अतिथि एवं विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल के प्रति लोगों का विशेष लगाव है. गांवों में कई ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि धीरज प्रसाद साहू लगातार ग्रामीण खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं, उन्होंने खिलाड़ियों से फीफा के नियमों के अनुरूप अनुशासित और खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने की अपील की.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं. प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाना, युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देना है. आने वाले दिनों में कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है.
