Weather Update: झारखंड में अगले 5 दिन होगी झमाझम बारिश, तेज हवाओं के बीच तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट

Ranchi: झारखंड में मानसून की सक्रियता अपने चरम पर है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मानसून...

Monsoon
Monsoon active in Jharkhand; alert issued for heavy rain and lightning over the next few days

Ranchi: झारखंड में मानसून की सक्रियता अपने चरम पर है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी हिस्सों में मानसून मेहरबान रहा, जिसके कारण जनजीवन पर इसका गहरा असर पड़ा है. मौसम विभाग ने राज्य में आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने और कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी है. झारखंड के अधिकांश इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. सबसे अधिक वर्षा हजारीबाग में 139.2 मिलीमीटर दर्ज की गई. तापमान की बात करें, तो बहरागोड़ा में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस और लातेहार में न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम बिगड़ने के पीछे की वजह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ का असर झारखंड पर स्पष्ट रूप से दिख रहा है. यह ट्रफ श्रीगंगानगर, रोहतक, हरदोई, वाराणसी, डालटनगंज, पुरुलिया और दीघा से होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है. इसके अलावा, उत्तरी झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है, जो 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक प्रभावी है. एक अन्य ट्रफ रेखा झारखंड से त्रिपुरा तक फैली हुई है, जिसके कारण राज्य में नमी की प्रचुर मात्रा बनी हुई है और लगातार बारिश हो रही है.

अगले 5 दिनों का पूर्वानुमान, कब और कहां होगी बारिश

• 20 जुलाई: राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों (साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़ एवं दुमका) में भारी से बहुत भारी बारिश की प्रबल संभावना है. इसके अलावा वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है.

• 21 जुलाई: देवघर, गिरिडीह, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, रामगढ़, चतरा और लातेहार जैसे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

• 22 जुलाई: रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

• 23 से 25 जुलाई: इन दिनों के दौरान भी राज्य में मेघ गर्जन और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

Also Read: देवघर: व्यवसायी के घर बेखौफ चोरों का बड़ा धावा, खिड़की का रॉड उखाड़कर 800 ग्राम सोना, 4.5 किलो चांदी समेत एक करोड़ रूपया के सामान की चोरी

तापमान में गिरावट से मिलेगी राहत

अगले दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा.

रांची में कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले 26 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग के अनुसार, रांची में अगले कुछ दिनों तक दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. रांची का अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है. भारी बारिश के साथ-साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से आग्रह किया गया है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. खास तौर पर खुले खेतों में काम करने वाले किसान और पेड़ के नीचे रहने वाले लोगों को वज्रपात से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *