Palamu: पूर्व मध्य रेलवे के डीडीयू मंडल अंतर्गत जपला रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से झारखंड निर्मित देसी शराब की 40 बोतलें बरामद की गई हैं, जिन्हें बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी.
पैसेंजर ट्रेन की जांच के दौरान मिली सफलता
यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं RPF पोस्ट जपला के निरीक्षक प्रभारी संतोष कुमार झा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान की गई. शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर ट्रेन जपला स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची. इसी दौरान उप-निरीक्षक रामनरेश राम, प्रधान आरक्षी सुरेश मुर्मू और आरक्षी मनोज ट्रेन के सामान्य कोच की जांच कर रहे थे.
बोरे से बरामद हुई 40 बोतल देसी शराब
जांच के दौरान सामान्य कोच के शौचालय के पास एक संदिग्ध व्यक्ति भारी बोरा लेकर खड़ा मिला. पूछताछ के दौरान वह बोरा खोलने में आनाकानी करने लगा. संदेह होने पर RPF टीम उसे बोरे समेत ट्रेन से नीचे लेकर आई और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली. तलाशी के दौरान बोरे से ‘छबीली’ ब्रांड की झारखंड निर्मित 40 बोतल (कुल 8 लीटर) देसी शराब बरामद हुई. सभी बोतलों पर “केवल झारखंड में बिक्री हेतु” अंकित था. बरामद शराब की कीमत करीब ₹1,800 बताई गई है.
बिहार में बेचकर करता था अवैध कमाई
गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान ननकू राम (40 वर्ष), निवासी चंदर बीगहा, थाना बारुण, जिला औरंगाबाद (बिहार) के रूप में बताई. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह झारखंड से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचता था और इससे अवैध कमाई करता था.
उत्पाद विभाग को सौंपा गया आरोपी
RPF ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर शराब जब्त कर ली और आरोपी को हिरासत में लेकर RPF पोस्ट जपला लाया. इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गिरफ्तार तस्कर और जब्त शराब को उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज के सुपुर्द कर दिया गया.
ALSO READ: जामताड़ा : बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर साइबर ठगी, एक गिरफ्तार
