देश की टॉप नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU) में कानून की पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए अहम खबर है. कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2027 की आवेदन प्रक्रिया अगस्त 2026 से शुरू होने जा रही है. इच्छुक अभ्यर्थी कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. CLAT के जरिए देशभर की विभिन्न नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में 5 वर्षीय इंटीग्रेटेड एलएलबी (UG) और एलएलएम (PG) पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाता है. इस बार परीक्षा के पैटर्न और पाठ्यक्रम में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है. इससे उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो पहले से परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं.

3 अगस्त से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
CLAT 2027 के लिए आवेदन शुरू होने के बाद उम्मीदवारों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा. आवेदन के दौरान छात्रों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरने के साथ फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद निर्धारित आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा. कंसोर्टियम की ओर से आवेदन की अंतिम तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन शुरू होने से पहले अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि अंतिम समय में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
ऐसे करें CLAT 2027 के लिए आवेदन
सबसे पहले कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
CLAT 2027 Registration लिंक पर क्लिक करें.
ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए नया रजिस्ट्रेशन करें.
लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें.
फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करें.
भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंट या पीडीएफ सुरक्षित रखें.
6 दिसंबर 2026 को होगी परीक्षा
कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज के अनुसार CLAT 2027 परीक्षा 6 दिसंबर 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक एक ही पाली में होगी. इस बार परीक्षा का सिलेबस और पैटर्न पहले जैसा ही रहेगा. ऐसे में उम्मीदवार पुराने पैटर्न के आधार पर अपनी तैयारी को आगे बढ़ा सकते हैं.
CLAT UG और PG के लिए योग्यता
CLAT UG 2027 में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का 12वीं या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है. सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे, जबकि SC और ST वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 40 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं. परीक्षा में शामिल होने के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं है. वहीं CLAT PG 2027 के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एलएलबी या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए. सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 50 प्रतिशत और SC/ST वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक आवश्यक होंगे.
CLAT स्कोर से मिलेगा कई लॉ संस्थानों में प्रवेश का अवसर
CLAT स्कोर का इस्तेमाल केवल नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में दाखिले के लिए ही नहीं, बल्कि कई अन्य लॉ संस्थानों में प्रवेश के लिए भी किया जाता है. परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के पास देश के प्रतिष्ठित कानून संस्थानों में पढ़ाई करने का मौका मिलता है. विशेषज्ञों का कहना है कि छात्रों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करने के बजाय अभी से अपनी तैयारी तेज कर देनी चाहिए. सिलेबस में बदलाव नहीं होने के कारण नियमित अभ्यास, सही रणनीति और समय प्रबंधन के जरिए परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकता है.

