Hazaribagh : जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए बड़कागांव थाना क्षेत्र के बादम स्थित राउतपारा में संचालित तीन अवैध कोयला खदानों को JCB मशीन से डोजरिंग कर ध्वस्त कर दिया. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया. यह अभियान हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर और बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध खदानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया, ताकि दोबारा वहां खनन गतिविधियां शुरू न हो सकें.

पुलिस और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
डोजरिंग अभियान में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के साथ SI राकेश खवास, SI अभिषेक कुमार, पुलिस बल के जवान और वन विभाग के कई कर्मी मौजूद रहे. सुरक्षा व्यवस्था के बीच JCB मशीन की मदद से अवैध खदानों को बंद कराया गया.
संचालकों की पहचान में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि अवैध कोयला खदानों के संचालन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. खदानों के वास्तविक संचालकों और मालिकों का नाम-पता जुटाने के लिए जांच चल रही है. जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध बड़कागांव थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध कोयला खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में जहां-जहां अवैध कोयला खदानों के संचालन की सूचना मिलेगी, वहां वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लगातार अभियान चलाकर डोजरिंग की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती
हाल के दिनों में हजारीबाग जिले में अवैध कोयला खनन के खिलाफ प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है. पुलिस का मानना है कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है. ऐसे में प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

Also Read : लापता बच्चों और मानव तस्करी पर उच्च स्तरीय बैठक कल
