Chatra: चतरा-गया डोभी मुख्य मार्ग स्थित संघरी घाटी में हुए एक सड़क हादसे ने अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा कर दिया है. पुलिस से बचने की कोशिश में भूसे से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही लाखों रुपये की अंग्रेजी शराब सामने आ गई.

भूसे के अंदर छिपाकर ले जाई जा रही थी महंगी शराब
हादसे के बाद ट्रक में रखे भूसे के बोरे सड़क पर बिखर गए. इसी दौरान भूसे के अंदर छिपाकर रखी गई हरियाणा लेबल और रॉयल चैलेंज (Royal Challenge) ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बोतलें बाहर निकल आई. सड़क पर शराब की बोतलें बिखरी देख वहां से गुजर रहे लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग शराब की बोतलें उठाने लगे.
पुलिस पीछा कर रही थी, तभी पलटा ट्रक
जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रही थी. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और संघरी घाटी में ट्रक पलट गया. हादसे के बाद ट्रक चालक और उपचालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए.
पुलिस ने जब्त की शराब, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अनिल कुमार उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया, पुलिस ने मौके से बची हुई शराब की खेप को जब्त कर थाने पहुंचाया है.
ALSO READ: असम, केरल और गुजरात में बाढ़ से स्थिति नाजुक, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है, यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह खपाने की योजना थी. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार चालक और तस्करों को गिरफ्तार कर पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जाएगा.
