Bokaro: भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने विशेष पहल शुरू की है. सेक्टर-2 स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के नेतृत्व में ASP अनूप कुमार ने सोमवार से पूरे बोकारो जिले में “राखी बनाओ और घर पहुंचाओ” अभियान शुरू करने की घोषणा की.इस अभियान के तहत डाक विभाग सरकारी और निजी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को राखी बनाने का प्रशिक्षण देगा. बच्चों द्वारा तैयार की गई राखियों को डाक विभाग के माध्यम से उनके घरों तक पहुंचाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.

वाटरप्रूफ राखी लिफाफे की सुविधा
डाक विभाग ने राखियों की सुरक्षित डिलीवरी के लिए विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे जारी किए हैं. इनकी कीमत मात्र 10 रुपये रखी गई है. अधिकारियों के अनुसार ये लिफाफे बारिश और नमी से राखियों को सुरक्षित रखेंगे और स्पीड पोस्ट के माध्यम से समय पर गंतव्य तक पहुंचाने में मदद करेंगे.
इन जगहों पर होगी राखियों की कलेक्शन व्यवस्था
राखियों के कलेक्शन के लिए बोकारो में विशेष व्यवस्था की गई है. सिटी सेंटर, सेक्टर-4 और सेक्टर-9 मार्केट में राखियां जमा की जा सकेंगी. यहां प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कलेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी. डाक विभाग अलग-अलग राखी दुकानदारों से वाटरप्रूफ एनवेलप के साथ स्पीड पोस्ट कलेक्शन करेगा.
समय पर सुरक्षित डिलीवरी प्राथमिकता : ASP
ASP अनूप कुमार ने बताया कि डाक विभाग की प्राथमिकता राखियों की सुरक्षित और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि डाककर्मी राखियों को उचित तरीके से पैक कर निर्धारित समय के अंदर गंतव्य स्थानों तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे. उन्होंने स्कूल प्रशासन और व्यापारियों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की.
दूर रहने वाले परिवारों को मिलेगी सुविधा
डाक विभाग की इस पहल से खासकर उन परिवारों को लाभ मिलेगा, जिनके भाई-बहन या रिश्तेदार दूर रहते हैं. राखी भेजने में समय और सुरक्षा को लेकर होने वाली परेशानियों को कम करने में यह अभियान मददगार साबित होगा. वहीं स्कूलों में बच्चों को राखी बनाने का प्रशिक्षण मिलने से उनमें पारंपरिक त्योहारों के प्रति रुचि और भागीदारी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.

ALSO ROAD: बोकारो: गोविंदपुर डी पंचायत में महिला सम्मान सह सावन मिलन समारोह, स्वास्थ्य और संस्कृति का दिखा संगम
