palamu : मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के ऐतिहासिक शिवाजी मैदान में बुधवार से बहुप्रतीक्षित श्रावणी डिज़्नीलैंड मेला का भव्य शुभारंभ हो गया. मेले का औपचारिक उद्घाटन विधायक आलोक कुमार चौरसिया, नगर निगम की मेयर अरुणा शंकर, डिप्टी मेयर मनोज सिंह और वार्ड पार्षद नीरा देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस दौरान आयोजक पवन गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल और कल्लू चंद्रवंशी समेत कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे.
विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि
उद्घाटन के अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि पलामू के निवासियों के लिए यह मेला बेहद खास है. ऐसे आयोजनों से समाज में लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और आपस में मेल-जोल बढ़ाने का अवसर मिलता है. उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के मेलों से स्थानीय स्तर पर कई लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलता है. यह मेला पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित होता आ रहा है और सावन के पूरे महीने तक चलता है, जिसे देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बड़े उत्साह के साथ पहुंचते हैं.

महिलाओं और बच्चों की सुविधा का विशेष ख्याल
मेले के आयोजक पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि इस बार डिज़्नीलैंड मेले में कई अनोखे और विशेष आकर्षण शामिल किए गए हैं. इनमें सबसे मुख्य आकर्षण जलपरी का शो है, जिसे देखने के लिए लोग आमतौर पर दुबई जैसे शहरों का रुख करते हैं, लेकिन अब वह पलामू में ही लोगों को देखने को मिलेगा. इसके अलावा बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए छिपकली झूला, टावर झूला, सुनामी झूला सहित कई आधुनिक और रोमांचक झूले लगाए गए हैं

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मेले में महिलाओं और बच्चों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा गया है. खरीदारी के शौकीनों के लिए विभिन्न प्रकार के स्टॉल और मीना बाजार भी सजाया गया है, जहां घरेलू सामानों से लेकर हस्तशिल्प की वस्तुएं उपलब्ध हैं. यह मेला हर साल की तरह इस बार भी पलामूवासियों के लिए मनोरंजन और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है.
Also Read : JPSC-JSSC आंदोलन के बीच आज छात्रों की तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में युवाओं के जुटने की तैयारी

