Hazaribagh: जिले में अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में हजारीबाग पुलिस को बड़ी सौगात मिली है. झारखंड पुलिस मुख्यालय, रांची की ओर से जिले को 30 नई डायल-112 आपातकालीन पुलिस वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इससे पहले भी हजारीबाग को 28 नई डायल-112 गाड़ियां मिल चुकी हैं. नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और मजबूत होने की उम्मीद है.
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी त्वरित पुलिस सेवा
बुधवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने अधिकारियों की मौजूदगी में नई डायल-112 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न शहरी और ग्रामीण थानों के लिए रवाना किया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन वाहनों की तैनाती से दूर-दराज के इलाकों में भी पुलिस की पहुंच तेज होगी और आपात स्थिति में लोगों को कम समय में सहायता मिल सकेगी.

अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के अनुसार डायल-112 वाहनों का उपयोग अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं के विरुद्ध होने वाली छेड़खानी और अन्य अपराधों पर त्वरित कार्रवाई तथा नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाने के लिए किया जाएगा. इससे पुलिस गश्ती व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी.

कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
वाहनों को रवाना करने के दौरान एसपी अमन कुमार के साथ अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपक कुमार सिंह, विष्णुगढ़ एसडीपीओ फैजान अहमद, पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मोहम्मद अरमानुल हक तथा परिचारी प्रवर पुलिस केंद्र कुमार देवव्रत सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे.
पुलिस व्यवस्था होगी और सुदृढ़
हजारीबाग पुलिस का मानना है कि नई डायल-112 गाड़ियों के संचालन से जिले में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, गश्ती व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और आम नागरिकों को संकट की स्थिति में पहले से अधिक तेज और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी. साथ ही अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में भी तेजी आएगी.

