Ranchi: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन कर भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री का पुतला भी फूंका. एबीवीपी का कहना है कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक और कथित अनियमितताओं ने लाखों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है. संगठन ने आरोप लगाया कि झारखंड बनने के बाद से जेपीएससी की परीक्षाएं नियमित रूप से आयोजित नहीं हो सकीं, जिससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रोजगार के अवसरों से वंचित रह गए. संगठन ने मांग की कि परीक्षा से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए. इसके लिए विशेष जांच समिति गठित करने या मामले की सीबीआई जांच कराने की सिफारिश की गई, ताकि यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सके.
यह भी पढ़ें: जयपाल सिंह स्टेडियम के आंदोलनरत छात्रों से वार्ता करेगी राज्य सरकार, SDO और ADM पहुंचे स्टेडियम


एबीवीपी ने छात्रों के प्रति अपना समर्थन दोहराया
एबीवीपी ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में कई दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति अपना समर्थन दोहराया. संगठन के कार्यकर्ता प्रदर्शन के बाद धरनास्थल भी पहुंचे, जहां उन्होंने छात्रों से मुलाकात की और उनके आंदोलन के समर्थन का भरोसा दिया. संगठन के अनुसार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर राज्य के सभी 24 जिलों में हस्ताक्षर अभियान, मानव श्रृंखला, विरोध प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं.


