Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

लोहरदगा में स्वतंत्रता दिवस-2026 की तैयारी शुरू, बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

Lohardaga: स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर लोहरदगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को उपायुक्त संदीप कुमार...

Lohardaga

Lohardaga: स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर लोहरदगा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए.

शहर के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर होगा माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगरपालिका क्षेत्र में स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर सुबह 8 बजे से माल्यार्पण कार्यक्रम शुरू होगा. इस दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भगवान बिरसा मुंडा, महात्मा गांधी, एसपी अजय सिंह, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और वीर बुधू भगत की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करेंगे.

बीएस कॉलेज स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. यहां मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9.05 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा. इसके अलावा उपायुक्त आवास पर सुबह 7.45 बजे और समाहरणालय परिसर में सुबह 10.30 बजे ध्वजारोहण होगा.वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पुलिस लाइन, आईटीडीए कार्यालय और अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय समेत सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया जाएगा.

पूर्व संध्या पर होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए आईटीडीए परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया है. मंच पर लाइट और साउंड व्यवस्था के साथ हॉल में वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी नगर परिषद को दी गई है.

साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए शहर की साफ-सफाई और सजावट को लेकर नगर परिषद को विशेष निर्देश दिए हैं. बीएस कॉलेज स्टेडियम, समाहरणालय परिसर, उपायुक्त आवास, एसपी कार्यालय सहित प्रमुख स्थानों की सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.

मुख्य कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, प्राथमिक चिकित्सा और ग्लूकोज-ओआरएस की व्यवस्था करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है. वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बीएस कॉलेज स्टेडियम में फायर ब्रिगेड की तैनाती की जाएगी.

15 अगस्त को शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को देखते हुए 15 अगस्त 2026 को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक लोहरदगा शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में एसडीओ और एसडीपीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

टॉपर्स, खिलाड़ियों और बेहतर कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में लोहरदगा जिले के 10वीं और 12वीं कक्षा के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों तथा बेहतर कार्य करने वाले पदाधिकारी और कर्मचारियों को भी सम्मान दिया जाएगा.

परेड में शामिल होंगी कई टुकड़ियां

मुख्य समारोह में जिला आरक्षी बल की तीन टुकड़ियां, महिला पुलिस बटालियन, कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय की एनसीसी छात्राएं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट प्लस टू नदिया हिंदू उच्च विद्यालय की एनसीसी टुकड़ी, जवाहर नवोदय विद्यालय जोगना की एनसीसी टीम और स्काउट गाइड की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी. परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक बीएस कॉलेज स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा.

बैठक में कई अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी मुख्यालय समीर तिर्की, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे.

ALSO READ : पाकुड़: DC के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर बनाई गई फर्जी WhatsApp ID, आमजन एवं अधिकारियों से सतर्क रहने की अपील 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *