Hazaribagh: केंद्रीय श्रम संगठनों तथा संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर केंद्र सरकार की कथित मजदूर, श्रमिक और किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय महारैली के समर्थन में सोमवार को बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल की ओर से भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के हजारीबाग मंडल कार्यालय के समक्ष द्वार प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार की आर्थिक एवं श्रम नीतियों के खिलाफ जमकर आवाज उठाई गई.
आर्थिक नीतियों पर वक्ताओं ने जताई चिंता
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के साथी गणेश कुमार और बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल के महामंत्री जगदीश चंद मित्तल ने कहा कि देश और आम जनता का भविष्य निर्णायक दौर से गुजर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी साम्राज्यवाद, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष और विश्व बैंक के दबाव में ऐसी नीतियां लागू की जा रही हैं, जिससे देश की आर्थिक आजादी और आत्मनिर्भर विकास प्रभावित हो रहा है. वक्ताओं ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की टैरिफ नीति और एकतरफा व्यापार समझौतों का भी भारत की आर्थिक नीतियों पर प्रभाव पड़ रहा है. उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों तथा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों पर देशी-विदेशी कॉरपोरेट घरानों के बढ़ते प्रभाव को लेकर भी चिंता जताई.
रोजगार, न्यूनतम मजदूरी और पेंशन की गारंटी की मांग
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से सभी के लिए सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने, न्यूनतम मजदूरी सुनिश्चित करने, पेंशन की गारंटी देने तथा खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की मांग की. वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाई जानी चाहिए.
चार श्रम संहिताएं वापस लेने की मांग
बीमा कर्मचारी संघ ने केंद्र सरकार से चार श्रम संहिताओं को वापस लेने, बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की नीति पर पुनर्विचार करने, बिजली विधेयक 2025 को वापस लेने तथा सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों के विनिवेशीकरण की प्रक्रिया रोकने की मांग की.
अख्तर हुसैन ने की प्रदर्शन की अध्यक्षता
द्वार प्रदर्शन की अध्यक्षता अख्तर हुसैन ने की. कार्यक्रम में सुशील लकड़ा, दुर्गा सिंह, मदन कुमार पाठक, अजय रविदास, प्रवीर राणा, ऋतुराज सहाय, सौरभ शंकर, रौनक भूषण, बिरसा मुंडा, दीनानाथ पांडेय, कीर्ति, स्नेहा जीवांशी, पूनम सिंह, आशा मिंज, विजय साहू, रामविलास गोप, विवेक सहाय, विपिन सिन्हा, देवचंद मंडल, तेजन गोप, उमेश महतो समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संगठन के सदस्य मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल के महामंत्री जगदीश चंद मित्तल ने कहा कि श्रमिकों, किसानों और आम जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन आगे भी आंदोलन जारी रखेगा.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह के तिसरी में 6 लाख की बड़ी चोरी,TV-फ्रिज समेत सामान ले उड़े चोर
