Saraikela: ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के गौरांगकोचा गांव में बन रहे नए बस स्टैंड के निर्माण में अनियमितता और गुणवत्ताहीन कार्य की शिकायत पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने ग्रामीणों की शिकायत पर स्थल का निरीक्षण कर जिला परिषद के जिला अभियंता को लिखित रूप से जांच कराने का निर्देश दिया है.

ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंचीं उपाध्यक्ष
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने बताया कि कुछ दिन पहले ईचागढ़ के जिला परिषद सदस्य ज्योति दा और स्थानीय ग्रामीणों ने बस स्टैंड निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत की थी. शिकायत के आलोक में वे स्वयं स्थल पर पहुंचीं और निर्माण कार्य का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि निर्माण कार्य एस्टीमेट के अनुसार नहीं किया जा रहा है.
गुणवत्ता में मिली कई खामियां

श्रीमती महतो ने बताया कि मौके पर पिलरों की नींव, सरिया की संख्या और मोटाई, सीमेंट-बालू-गिट्टी का अनुपात सभी में कमी पाई गई. निर्माण में इस्तेमाल हो रही सामग्री भी गुणवत्तापूर्ण नहीं है. उन्होंने कहा कि पिलर किसी भी भवन की रीढ़ होते हैं, ऐसे में गुणवत्ताहीन निर्माण भविष्य के लिए खतरा बन सकता है.
7 दिनों के अंदर मांगी जांच रिपोर्ट
अनियमितता पाए जाने के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष ने जिला परिषद के जिला अभियंता को पत्र लिखकर पूरे मामले की बिंदुवार जांच कराने को कहा है. उन्होंने 7 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है.उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला परिषद के चेयरमैन से भी बातचीत हुई है. चेयरमैन भी शीघ्र स्थल का निरीक्षण करेंगे. जिला परिषद अपने स्तर से भी जांच कराकर दोषी संवेदक और पदाधिकारियों पर कार्रवाई करेगी.
क्या कहा मधुश्री महतो ने
“ग्रामीणों की शिकायत पर हम लोग निरीक्षण करने गए थे. वहां देखा कि एस्टीमेट के आधार पर काम नहीं हो रहा है. छड़, सीमेंट, बालू सही ढंग से नहीं लगाए जा रहे हैं. मैंने इस संबंध में जिला अभियंता को लिखित रूप से अवगत कराया है और 7 दिन में जांच रिपोर्ट मांगी है. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय ग्रामीणों ने भी मांग की है कि बस स्टैंड का निर्माण मानक के अनुसार कराया जाए ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके.
