Jamtara: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जागृति योजना 2025 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जामताड़ा की ओर से पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, जामताड़ा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदीप कुमार गुप्ता ने की. इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार भी मौजूद रहे.
साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
शिविर में सचिव पवन कुमार ने छात्र-छात्राओं को साइबर सेफ्टी, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया. उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने की सलाह दी. उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी.
बाल विवाह और बाल श्रम पर जागरूकता
एलएडीसीएस अधिवक्ता उत्तम कुमार ने बाल विवाह और बाल श्रम जैसे गंभीर सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विद्यार्थियों को जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बाल विवाह और बाल श्रम बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन है. विद्यार्थियों से अपने आसपास के लोगों को भी इन सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई.
पर्यावरण संरक्षण पर हुई पेंटिंग प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. इसमें इशिता सेन, कक्षा 6-बी ने प्रथम, निवेदिता मंडल, कक्षा 10-ए ने द्वितीय तथा प्राची प्रिया, कक्षा 6-ए ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. विजेता छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पवन कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया.
शिक्षक और छात्र-छात्राएं रहे मौजूद
कार्यक्रम में अधिकार मित्र अमित कुमार मिश्रा, विश्वजीत पाल, मौसमी मुर्मू, आनंद महतो, मेघा गुप्ता, मधु कुमारी, सुमन टुडू, शिवनाथ मंडल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.
ALSO READ: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बोकारो दौरा, निजी कार्यक्रम के बाद रांची लौटे
