रांची: झारखंड में मौसम इन दिनों पूरी तरह रंग बदल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही राज्य में सुबह और दोपहर का मिजाज बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. सुबह घना कोहरा शहरों और हाइवे को अपनी आगोश में ले रहा है, तो दोपहर होते-होते पारा 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचकर पसीना छुड़ा रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक यही दोहरा असर देखने को मिलेगा. सुबह विजिबिलिटी घटकर 100 मीटर तक जा सकती है. वहीं दिन में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन उमस और गर्मी से राहत नहीं मिलेगी.

सुबह कोहरे का कहर, 100 मीटर तक सिमटेगी दृश्यता
रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. खासकर हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर इसका असर ज्यादा रहेगा. कई इलाकों में दृश्यता घटकर 100 मीटर तक पहुंच सकती है. वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और धीमी गति से वाहन चलाने की सलाह दी गई है. सुबह के समय ठंडक का हल्का एहसास भी बना रहेगा, जिससे लोग अभी भी गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आ सकते हैं.
दोपहर में चढ़ेगा पारा, 33 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, धूप की तीखी तपिश महसूस होगी. अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी संभव है. रांची, खूंटी, हजारीबाग, जमशेदपुर और सरायकेला जैसे जिलों में पारा 30 से 33 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को पर्याप्त पानी पीने और खुद को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है. दोपहर के समय सीधी धूप से बचने की भी हिदायत दी गई है.
जिलों में बदला मिजाज, ठंडे इलाकों में भी बढ़ा न्यूनतम तापमान
गुमला जैसे अपेक्षाकृत ठंडे जिलों में भी अब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. संताल परगना के देवघर और दुमका से लेकर पलामू प्रमंडल के गढ़वा और लातेहार तक न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन फिलहाल बारिश के कोई संकेत नहीं हैं. पूरे राज्य में शुष्क और हल्का गर्म मौसम अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है.

