पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केल्हार गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक नाबालिग लड़के का क्षत-विक्षत शव देखा. मृतक की पहचान रंका थाना के महुआदामर निवासी के रूप में हुई. सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया.
शव की स्थिति और हत्या की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की स्थिति अत्यंत भयावह थी. शरीर का निचला हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत पाया गया और पैरों का मांस तक बाहर निकला हुआ था. घटना स्थल की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है.
थाना प्रभारी का बयान और मामले की जांच
थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि परिजनों के अनुसार नाबालिग मानसिक रूप से विक्षिप्त था. पुलिस यह जांच कर रही है कि वह अपने घर से इतनी दूर घटनास्थल तक कैसे पहुंचा. जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
