गढ़वा: जिले के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में शनिवार को एक गोलीबारी वारदात सामने आई थी. जहां प्रेम प्रसंग में लड़की के कहने पर बोकारो का रहने वाला युवक ने घटना को अंजाम दिया. युवक ने दुकान में घुसकर उमेश मेहता नाम के व्यक्ति को गोली मार दी थी. हालांकि, गढ़वा पुलिस की तत्परता और घेराबंदी के कारण घटना के कुछ ही देर बाद मुख्य आरोपी को हथियार और लूटे गए सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है.

*क्या है पूरा मामला:*
नगर ऊंटारी थाना अंतर्गत उमेश मेहता नामक युवक को एक अज्ञात अपराधी ने गोली मार दी. गोली लगने से उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अपनी निजी मोटरसाइकिल से तेजी से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी जानकारी एसपी गढ़वा को दी गई. एसपी के निर्देश पर जिले के तमाम संभावित रास्तों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान शुरू किया गया। इसी बीच, भाग रहे अपराधी का लोकेशन ट्रेस करते हुए पीसीआर वाहन चार्ली-05 को सक्रिय किया गया. पुलिस ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान संदीप कुमार सिंह (पिता- संजय कुमार सिंह) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सेक्टर 02 डी, थाना- बीएस सिटी, जिला बोकारो का निवासी है. पुलिस पूछताछ में संदीप ने उमेश मेहता पर गोली चलाने की बात स्वीकार कर ली है. पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह पूरी वारदात प्रेम प्रसंग से जुड़ी है. बताया जा रहा है,कि एक लड़की के उकसाने पर संदीप कुमार सिंह ने इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस अब उस कड़ी की भी जांच कर रही है जिसने इस अपराध की साजिश रची थी.
