धनबाद/साहिबगंज: झारखंड में दबंग प्रवृत्ति के लोगों का हौसला इस कदर बुलंद हैं कि अब मामूली विवाद पर लोगों की जान लेने की कोशिश की जा रही है. साहिबगंज में एक युवक को कार से एक किलोमीटर तक घसीटने की रूह कपा देने वाली घटना के अभी दो ही दिन बीते थे कि धनबाद के केंदुआ मोड़ पर भी वैसी ही वारदात को अंजाम दिया गया है.

धनबाद में फल दुकानदार को कार से लटकाकर भगा ले गए कार चालक:
धनबाद के केंदुआ मोड़ पर गुरुवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया. एक फल दुकानदार का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने ठेले के सामने खड़ी कार को हटाने के लिए कहा. केंदुआ मोड़ पर एक कार आकर फल दुकानदार के ठेले के सामने खड़ी हो गई थी. जब दुकानदार ने विरोध किया, तो कार सवार लोग गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए. विवाद बढ़ने पर कार सवार ने खिड़की से दुकानदार का हाथ पकड़कर उसे अंदर खींचने की कोशिश की और कार की रफ्तार बढ़ा दी. दुकानदार करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीटता रहा. तेज रफ्तार के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. केंदुआ थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कार चालक और वाहन की तलाश में छापेमारी जारी है.
साहिबगंज में नमाज पढ़कर लौट रहे युवक को एक किमी तक घसीटा:
इससे पहले तीन मार्च की रात साहिबगंज स्टेशन के पास भी ऐसी ही फिल्मी अंदाज वाली खौफनाक वारदात हुई थी. मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे मो. साहिन अमन को एक तेज रफ्तार कार ने पहले टक्कर मारी. जब युवक ने पैर पर कार चढ़ाने का विरोध किया, तो कार सवार व्यक्ति ने उसका हाथ पकड़कर उसे खिड़की से लटका लिया. चालक ने कार नहीं रोकी और युवक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गया. कार को भागते देख दर्जनों लोगों ने पीछा किया, इस दौरान रास्ते में आए कई अन्य लोग भी कार की चपेट में आने से बाल-बाल बचे. आरोपी युवक को रेलवे पीर-दरगाह के पास सड़क पर फेंककर भाग निकले.

