रांची : कांके स्थित नीरजा सहाय डीएवी पब्लिक स्कूल में POSH और POCSO कानूनों पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन मुख्य अतिथि श्रीमती तनुश्री सरकार ने किया, जिन्होंने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम और बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा से जुड़े कानूनों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि POSH कानून महिलाओं की कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करता है, जबकि POCSO कानून बच्चों को यौन अपराधों से बचाने के लिए बनाया गया है.
बच्चों को गुड टच-बैड टच की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में समझाया गया. बच्चों को सरल भाषा में “गुड टच और बैड टच” की जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी अनुचित व्यवहार को पहचान सकें और समय रहते अपनी बात रख सकें. उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बताया और इसकी सराहना की. अंत में समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया.
