बोकारो: शहर के व्यस्त और पॉश माने जाने वाले कोऑपरेटिव कॉलोनी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति ने अपने ही घर में जान देने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.फिलहाल घायल व्यक्ति अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, कोऑपरेटिव कॉलोनी के प्लॉट संख्या 87A में रहने वाले 55 वर्षीय अशोक कुमार ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर लिया. शनिवार की रात जब आसपास के लोगों ने उन्हें लहूलुहान और तड़पती हुई हालत में देखा, तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई. अशोक कुमार के गले पर चाकू के गहरे निशान थे और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उनकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी.
सूचना पाकर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. गंभीरता को देखते हुए अशोक कुमार को बिना देरी किए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया:
पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया है.प्राथमिक जांच और नोट की शुरुआती समीक्षा से जो बातें सामने आ रही हैं, वे चौंकाने वाली हैं,बताया जा रहा है कि अशोक कुमार लंबे समय से अपनी पेंशन से जुड़ी तकनीकी या प्रशासनिक समस्याओं को लेकर परेशान थे. पेंशन न मिलने या उसमें हो रही देरी के कारण वह गंभीर आर्थिक तंगी और मानसिक अवसाद के दौर से गुजर रहे थे. आसपास के लोगों का कहना है कि वह पिछले कुछ दिनों से काफी शांत और परेशान दिख रहे थे.बोकारो पुलिस मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है.

