रांची: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में सबसे ज्यादा प्रत्याशी रांची जिले के हैं. इस बार कुल 100 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है और 23 सीटों पर चुनाव के लिए राज्य भर के 25 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. स्टेट बार काउंसिल का चुनाव करवा रहे रिटायर्ड जस्टिस अम्बुज नाथ ने नाम वापसी की तिथि के बाद प्रत्याशियों की अंतिम लिस्ट जारी कर दी है.
जिसके मुताबिक इस बार 25 महिला अधिवक्ता अपनी उम्मीदवारी पेश कर रही हैं. वहीं 50 से ज्यादा उम्मीदवार रांची जिले से हैं. रांची से अपनी दावेदारी पेश करने वाले वकीलों में झारखंड हाईकोर्ट और रांची सिविल कोर्ट में प्रेक्स्टीस करने वाले अधिवक्ता शामिल हैं.
झारखंड हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले 43 और रांची सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले 13 वकील इस बार काउंसिल की सीट पर वकीलों का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुनावी मैदान में हैं.
बता दें कि इस बार स्टेट बार काउंसिल का चुनाव लगभग छह वर्षों के बाद हो रहा है. इस चुनाव में राज्य भर के वकील अपनी किस्मत आजमाने उतरे हैं और चुनाव को लेकर वोटिंग करने वाले अधिवक्ताओं में भी उत्साह दिख रहा है.
