Ranchi: झारखंड विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के 14वें दिन जयराम महतो ने कहा कि पुलिस के 23,645 पद रिक्त हें. इस वित्तीय वर्ष में पुलिस की बहाली निकाली जाए. पुलिस का आम जनता के प्रति दुर्व्यवहार झलकता है. पुलिस के इमेज पर सवाल खड़े करता है. युवा आज पुलिस अफसर को अपना आदर्श स्वीकार नहीं करते. खनन में उड़ीसा ने 50 हजार करोड़ का राजस्व प्राप्त किया जबकि झारखंड को सिर्फ 19 हजार करोड़ ही राजस्व मिला. हर दिन 600 करोड़ रुपए का कोयले का अवैध व्यापार हो रहा है. ओबी डंप का काम चल रहा है. इस पर स्पीकर ने कहा कि इसकी जांच चल रही है. सदन को अवगत कराया जाएगा.

“बिहार-गुजरात की तर्ज पर झारखंड में भी हो शराबबंदी”
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड में भी बिहार-गुजरात की तर्ज पर शऱाबबंदी होनी चाहिए. शराब के नशे के कारण हर दिन 10 से 12 युवा रोड एक्सीडेंट में अपनी जान गंवा रहे हैं. गोड्डा में जो बिजली उत्पादन हो रहा है उसका कोयला ऑस्ट्रेलिया से आ रहा है. बिजली बंग्लादेश को दी जा रही है. हर पंचायतों में 10-10 चापानल दिया जाए. पानी का निजी बाजार विशाल हो गया है. 79 फीसदी गांव पानी से वंचित हैं. जादूगोड़ा में यूरेनियम के प्रभाव के कारण 47 फीसदी महिलाएं मां नहीं बन पा रही. 30 से 33 फीसदी बच्चे मृत पैदा हो रहे हैं.
घर-घर का प्यास बुझाएगी अबुआ सरकारः उदय शंकर सिंह
वहीं उदय शंकर सिंह ने कहा कि अबुआ सरकार घर-घर का प्यास बुझाएगी. सिंगल विलेज योजना में सुधार की जरूरत है. मधुपुर जेल को पूर्ण जेल का दर्जा दिया जाए. 200 यूनिट बिजली फ्री मिल रहा है. पुराने बिजली के तार बदले जाएं. अवैध खनन पर अंकुश के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग हो रहा है. खनिज आधारित उद्योग को बढ़ावा दिया जाए.
34.46 लाख लोगों को पानी उपलब्ध कराया गया हैः सोनाराम
सोना राम सिंकू ने कहा कि 34.46 लाख लोगों को पानी उपलब्ध कराया गया है. उन्होंने मांग करते हुए कहा कि जगन्नाथपुर में आयरन रिम्यूवल प्लांट लगाया जाए. चापानलों की मरम्मती हो. होमगार्ड जवानों से ड्यूटी लेने के लिए भारी रकम देना पड़ रहा है. इस पर रोक लगाई जाए.
पलामू जेल में सुविधा उपलब्ध कराई जाएः सुरेश
सुरेश पासवान ने कहा कि पुलिस पेट्रोलिंग वाहन के वितरण से विपक्ष की नींद हराम हो गयी है. इससे राज्य के लोगों को सुरक्षा मिलेगी. उन्होंने रिखिया को प्रखंड मुख्यालय बनाने की मांग की. देवघर में पानी की व्यवस्था कराई जाए. जलमीनार चालू किए जाएं. पलामू जेल में सुविधा उपलब्ध कराई जाए. चंद्रदेव महतो ने कहा कि पुलिस के लिए नियमित प्रशिक्षण आयोजित किए जाएं. निरसा-गोविंदपुर जलापूर्ति योजना के संवेदक पर कार्रवाई की जाए. सिंदरी की लापता रिया कुमारी पर सरकार संज्ञान ले. भूषण तिर्की ने कहा कि सरकार ने 1.62 लाख को ओल्ड पेंशन देने का निर्णय लिया. आज मिनट भर भी बिजली नहीं कटती है. 35 लाख उपभोक्ताओ को 200 यूनिट फ्री बिजली मिल रही है. ब्रजपात को आपदा घोषित किया गया. पेट्रोलिंग वाहनों से सुरक्षा मजबूत होगी.
हर विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई के लिए मिले पांच करोड़ः देवेंद्र कुंवर
देवेंद्र कुंवर ने कहा कि बासुकीनाथ जलापूर्ति योजना का अब तक काम पूरा नहीं हुआ है. जरमुंडी का जलमीनार खखाब पड़ा है. हर विधानसभा क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल के लिए पांच करोड़ मिलना चाहिए. राजेश कच्छप ने कहा कि पहली दफा 200 यूनिट बिजली फ्री हुआ. सांप काटने और पानी से डूबकर होने वाली मौत पर मुआवजा दिया जा रहा है. लगभग अंतिम घरों तक बिजली पहुंच गई है. भाजपा के समय भूख से मौत होती थी. अब नहीं हो रही है. आने वाले दिनों में जीरो कट बिजली मिलेगी. किसानों के खेतों तक बिजली पहुंचाई जाए. हर विधानसभा में 10-10 चापानल दें.

