रांची: राजधानी रांची में कशिश डेवलपर्स लिमिटेड और कशिश न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. इस संबंध में अजीत चौधरी के आवेदन पर अरगोड़ा थाना में अज्ञात आपराधिक गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस को दिए आवेदन में अजीत चौधरी ने बताया है कि 14 मार्च को उनके मोबाइल नंबर पर करीब एक बजे से कई अज्ञात लोगों ने व्हाट्सएप कॉल, व्हाट्सएप संदेश और सामान्य मोबाइल (जीएसएम) कॉल के माध्यम से संपर्क किया। कॉल करने वाले लोगों ने खुद को आपराधिक गिरोह से जुड़ा बताते हुए उनसे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने धमकी दी कि यदि सात दिनों के भीतर पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा और गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. साथ ही यह भी कहा गया कि उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और कहीं भी नुकसान पहुंचाया जा सकता है. इस मामले को लेकर अरगोड़ा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 111(2), 111(3), 111(4), 111(5), 111(7), 308(4) और 61(2) के तहत अज्ञात आपराधिक गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.


