पलामू: चिटफंड से जुड़े मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम एक सोमवार को पलामू पहुंची है.
इससे पहले सीबीआई की टीम 11 दिसंबर 2025 को चिटफंड घोटाले से जुड़ी आठ संस्थाओं के कर्मियों से पूछताछ की थी.अधिकारियों ने चिटफंड कंपनियों के प्रतिनिधियों और शिकायतकर्ताओं से बातचीत की थी. जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि जिन लोगों ने इन कंपनियों में पैसा जमा किया था, उन्हें उनकी राशि वापस मिली या नहीं. शुरुआती जांच में सीबीआई को जानकारी मिली है कि कुछ निवेशकों को पैसा वापस मिल चुका है, जबकि कई लोग अब भी अपनी राशि पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि पलामू में इणडस हाउस, साक्षी फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एग्रो सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी, महिला सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी और अहिल्याबाई जागृति महिला सेविंग्स एंड क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी जैसी संस्थाओं में वित्तीय वर्ष 2011 से 2014 के बीच बड़ी संख्या में लोगों ने पैसा जमा किया था. इनमें से कई निवेशकों को अब तक उनकी राशि नहीं मिली है.


