रांची: झारखंड में आगामी त्योहारों ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान राज्य में शांति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कमान संभाल ली है. गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की.

सीएम ने बैठक के दौरान कहा कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य के सभी नागरिक हर्षोल्लास के साथ त्योहार मना सकें और कहीं भी सांप्रदायिक सौहार्द न बिगड़े. बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, एडीजी अभियान, आईजी स्पेशल ब्रांच, जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी और जिले के डीसी-एसपी शामिल हुए.
Also Read: IPL 2026 से पहले झटका: इन 5 स्टार खिलाड़ियों की चोट ने बढ़ाई टीमों की चिंता
CM ने दिए कई आदेश
संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर: चिन्हित किए गए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं.
CCTV और ड्रोन से निगरानी: जुलूसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक और सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा.
सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग: अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया सेल को अलर्ट पर रखा गया है. भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सांप्रदायिक सौहार्द: जिला प्रशासन को स्थानीय शांति समितियों के साथ बैठक करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है.

