रांची : नगर निगम ने गिफ्ट डीड के तहत मिली सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है. निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जमीन केवल सार्वजनिक उपयोग के लिए है और इस पर किसी भी तरह का व्यावसायिक इस्तेमाल या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. शहर के सुनियोजित विकास और सार्वजनिक हित को देखते हुए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

लालपुर समेत कई इलाकों में विशेष जांच
निगम की टीम ने लालपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान दृष्टि आईएएस, होटल लैंडमार्क, द सिल्वर स्टूडियो, इंडसइंड बैंक, संध्या टावर और होटल प्रताप रेजिडेंसी समेत कई प्रतिष्ठानों द्वारा गिफ्ट डीड की जमीन पर अतिक्रमण पाया गया. जांच में अवैध होर्डिंग, विज्ञापन बोर्ड और अस्थायी व स्थायी निर्माण के जरिए कब्जा सामने आया, जिसे मौके पर हटाया गया.
किस पर कितना जुर्माना
निगम ने नियमों का उल्लंघन करने पर अलग-अलग संस्थानों पर जुर्माना भी लगाया. दृष्टि आईएएस पर 72 हजार रुपये, इंडसइंड बैंक पर 10 हजार रुपये और होटल लैंडमार्क पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. निगम ने चेतावनी दी है कि गिफ्ट डीड की जमीन पर कब्जा करना कानूनन अपराध है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. भवन मालिकों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने दस्तावेजों की जांच कर लें और यदि कहीं अतिक्रमण है तो उसे स्वयं हटा लें, अन्यथा निगम कार्रवाई करेगा.

