सिमडेगा: जिले में 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर विशाल जुलूस निकाला जाएगा. जुलूस के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है.
सिमडेगा की डीसी कंचन सिंह और एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ रामनवमी जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया. यह निरीक्षण भट्ठीटोली से लेकर झूलन सिंह चौक तक किया गया. इस दौरान जगह-जगह संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया और शांति समिति के सदस्यों के सहयोग से जुलूस के दौरान विधि व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की रणनीति तैयार की गई.
इसके साथ ही चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा बलों और मजिस्ट्रेट की तैनाती, जुलूस के दौरान चप्पे-चप्पे की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर भी योजना बनाई गई. निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जुलूस के दौरान सुरक्षा और सौहार्द बना रहे.
इस अवसर पर डीसी और एसपी ने रामनवमी समिति के सदस्यों से मुलाकात कर त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जिले की सामाजिक समरसता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी परिस्थिति में अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और अफवाहों से दूर रहने की भी अपील की.
पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. साथ ही पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाएगी और आवश्यकतानुसार दंडाधिकारियों की भी नियुक्ति की जाएगी.
इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात रंजन ज्ञानी, डीएसपी रणवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे.
