गृह रक्षा वाहिनी बहाली परीक्षा की तैयारियों का DC-SP ने लिया जायजा

सरायकेला: जिला अंतर्गत गृह रक्षा वाहिनी के विज्ञापन सं.–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक...

सरायकेला: जिला अंतर्गत गृह रक्षा वाहिनी के विज्ञापन सं.–01/2025 के तहत ग्रामीण एवं शहरी गृह रक्षकों के नव नामांकन हेतु आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूनायत ने संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया. यह शारीरिक जांच परीक्षा सह लिखित परीक्षा आगामी 17 मार्च 2026 से बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित की जाएगी.

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने मैदान में की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समय पर पूरी की जाएं. साथ ही मैदान परिसर में सभी आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट सूचना पट्ट और दिशा-निर्देश संबंधी साइनबोर्ड लगाए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र और पंजीकरण केंद्र स्थापित करने के निर्देश

अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन और सुविधा के दृष्टिकोण से सहायता केंद्र, चिकित्सा केंद्र तथा पंजीकरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक स्टॉल स्थापित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की दुविधा की स्थिति में अभ्यर्थियों को तुरंत आवश्यक सहायता मिल सके.

Also Read: झारखंड: एसआईआर की तैयारी तेज, अब घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, होगा सत्यापन

साफ-सफाई और अनुशासन पर विशेष जोर

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा स्थल की साफ-सफाई समय रहते सुनिश्चित की जाए तथा संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुदृढ़ कर ली जाएं. उन्होंने यह भी कहा कि सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को सुबह 5:00 बजे से परीक्षा केंद्र पहुंचें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया का संचालन व्यवस्थित और अनुशासित ढंग से समय पर पूरा किया जा सके.

सुरक्षा व्यवस्था के भी दिए निर्देश

सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के दृष्टिकोण से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्र परिसर बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में केवल अभ्यर्थियों को ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. अभ्यर्थियों के साथ आने वाले परिजनों को निर्धारित स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. साथ ही संपूर्ण चयन प्रक्रिया पारदर्शिता, अनुशासन और सुव्यवस्था के साथ संपन्न कराई जाएगी.

निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सरायकेला, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा, निरीक्षक गृह रक्षा वाहिनी तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *