Dhanbad: ऑल इंडिया डिप्लोमा इंजीनियर्स एंड ऑफिशियल्स एसोसिएशन (AIDEOA) ने कोलियरी में बढ़ते मानव संसाधन संकट को लेकर प्रबंधन के समक्ष गंभीर चिंता व्यक्त की है. संगठन के महामंत्री कृष्ण कुमार सिंह ने मीडिया को जारी बयान में बताया कि हाल ही में कंपनी के निदेशक (मानव संसाधन) के साथ एक महत्वपूर्ण एजेंडा बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें ओवरमैन एवं माइनिंग सरदार जैसे वैधानिक पदों की भारी कमी का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया था.
ये भी पढ़ें : 1 अप्रैल से चतरा में होमगार्ड बहाली शुरू, प्रशासन अलर्ट, तैयारियों का DC ने लिया जायजा
बैठक में लिए गए थे कई अहम फैसले
बैठक में यह सहमति बनी कि जिन विभागीय कर्मचारियों ने सक्षमता प्रमाण पत्र (Competency Certificate) प्राप्त कर लिया है, उन्हें विभागीय रिक्तियों के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर पदोन्नत किया जाएगा. इस निर्णय को खदानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और उत्पादन को सुचारू बनाए रखने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं : महामंत्री
कुश कुमार सिंह ने कड़े शब्दों में बताया- “कोलियरियों में ओवरमैन और माइनिंग सरदार जैसे महत्वपूर्ण पदों की कमी सीधे तौर पर सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है. यदि समय रहते इन पदों को नहीं भरा गया, तो यह स्थिति गंभीर दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे सकती है.” उन्होंने आगे कहा कि AIDEOA किसी भी कीमत पर कर्मचारियों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से समझौता नहीं होने देगा. योग्य विभागीय कर्मचारियों को उनका हक मिलना ही चाहिए और इसके लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है. उनके अनुसार, यह सिर्फ पदोन्नति का मामला नहीं, बल्कि हजारों श्रमिकों की सुरक्षा और कोयला उत्पादन की निरंतरता से जुड़ा विषय है.
ये भी पढ़ें : गिरिडीह में JMM का 53वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न, ‘दिशोम गुरु’ को नमन, संगठन विस्तार पर जोर
शीघ्र अधिसूचना जारी करने की मांग
महामंत्री ने प्रबंधन से अपील की है कि इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय रिक्तियों को भरने के लिए शीघ्र अधिसूचना जारी की जाए. वहीं, कंपनी के उच्च प्रबंधन ने भी आश्वस्त किया है कि इस कमी को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द दूर किया जाएगा.
बैठक में ये रहे मौजूद
यह बैठक कार्मिक नगर स्थित महामंत्री के आवास कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे. इनमें मुख्य रूप से विजय यादव, वाई. के. सिंह, शिव शंकर महतो, अमित नारायण, राकेश कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, चंदन सिंह, , रवि ओंकार, बालेश्वर पंडित, अरुण कुमार दुबे, उमाकांत राय, धनंजय कुमार, सरजान महतो, और अरविंद कुमार सिंह शामिल थे.
