धनबाद: धनबाद समाहरणालय स्थित एसएसपी कार्यालय में सोमवार को बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था,हालिया आपराधिक घटनाओं और आगामी त्योहारों को लेकर सुरक्षा तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई.बैठक का मुख्य केंद्र गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह की गतिविधियां रहीं.डीआईजी ने बीते रविवार की शाम पुलिस और प्रिंस खान के शूटरों के बीच हुई मुठभेड़ की बिंदुवार जानकारी ली.उन्होंने पुलिस टीम की तत्परता की सराहना करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि गिरोह से जुड़े फरार अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए.डीआईजी ने कहा कि गैंग को आर्थिक या अन्य किसी भी रूप में सहयोग करने वाले सफेदपोशों और मददगारों को भी चिन्हित कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए.

विशेष अभियान तेज करने का आदेश दिया गया है:
डीआईजी ने शहर में भय का माहौल खत्म करने के लिए अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान तेज करने का आदेश दिया गया है.इसके अलावा उन्होंने आगामी बंगाल विधानसभा चुनाव, ईद और रामनवमी को देखते हुए डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की. उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए. डीआईजी ने कहा जिले के संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए. साथ ही पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे इलाकों और चेकपोस्टों पर विशेष चौकसी बरतने और वाहनों की जांच तेज करने को कहा गया है.

