Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव बिनय सिन्हा दीपू ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देशभर के छात्रों के संघर्ष की जीत है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने लगातार छात्रों के समर्थन में आंदोलन किया और उनकी आवाज उठाई. उन्होंने कहा कि सिर्फ एक मंत्री का इस्तीफा समाधान नहीं है. पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था की गड़बड़ियों से प्रभावित छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और पूरी परीक्षा प्रणाली में बड़े बदलाव किए जाने चाहिए.
परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए
कांग्रेस ने मांग की है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) का व्यापक पुनर्गठन किया जाए और इस पूरे मामले में बड़े अधिकारियों की भी जवाबदेही तय हो. पार्टी का कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि केंद्र सरकार की व्यवस्था की विफलता है. बिनय सिन्हा दीपू ने कहा कि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाए ताकि भविष्य में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक न हो और किसी भी छात्र के भविष्य व मेहनत के साथ खिलवाड़ न किया जा सके. कांग्रेस ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जाए.
AlsoRead:धीरज साहू ने के. राजू से की मुलाकात झारखंड के मुद्दों और SIR पर हुई चर्चा
