सिमडेगा: जिला प्रशासन द्वारा विशिष्ट स्थानीय प्राकृतिक आपदा के अंतर्गत मृत व्यक्तियों के आश्रितों एवं हकदारों को सहायता अनुदान राशि प्रदान की गई. समाहरणालय सभागार भवन में आयोजित कार्यक्रम में डीसी सिमडेगा कंचन सिंह ने लाभुकों के बीच डेमो चेक वितरित किए.

कार्यक्रम के दौरान ग्रीष्म लहर, वज्रपात, पानी में डूबने, सर्पदंश एवं सड़क दुर्घटना जैसी घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को मुआवजा राशि प्रदान की गई. डीसी ने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है. इस अवसर पर कुल 59 लाभुकों को कुल 01 करोड़ 57 लाख रूपए की सहायता राशि प्रदान की गई.
डीसी सिमडेगा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने लाभुकों से प्राप्त राशि का समुचित उपयोग करने की अपील भी की.
