रांची में ईद और सरहुल साथ, प्रशासन अलर्ट मोड में, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रांची: राजधानी रांची में आज ईद-उल-फितर और सरहुल एक साथ मनाए जा रहे हैं. इन दोनों प्रमुख पर्वों को लेकर जिला प्रशासन...

रांची: राजधानी रांची में आज ईद-उल-फितर और सरहुल एक साथ मनाए जा रहे हैं. इन दोनों प्रमुख पर्वों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी, दंडाधिकारी और सादे लिबास में पुलिस बल तैनात किए गए हैं.

राज्य स्तर पर भी अतिरिक्त बल की व्यवस्था कर सुरक्षा को और मजबूत किया गया है.प्रशासन ने प्रमुख मस्जिदों, पूजा स्थलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके.

इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों और जुलूस मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, जहां आवश्यकता पड़ने पर डायवर्जन और पार्किंग की सुविधा भी दी गई है.

सामुदायिक सहयोग को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है. सरना समिति, वॉलंटियर्स और सर्व धर्म सद्भावना समिति के सदस्यों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं.वहीं चोरी, जेबकतरी और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.

प्रशासन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि लोग त्योहार का आनंद लें, लेकिन अनावश्यक भीड़ से बचें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें. केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें.उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनता का सहयोग ही प्रशासन की सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने सभी से अपील की कि आपसी भाईचारे और सद्भावना के साथ इन पर्वों को मनाएं, ताकि रांची में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल माहौल बना रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *