रांची: धनबाद के भागाबांध और बोर्रागढ़ ओपी क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में सोमवार तड़के पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई. रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त छापेमारी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसका जवाब पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाकर दिया. इस मुठभेड़ में दो अपराधी गोली लगने से घायल हुए हैं, जिन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले की शुरुआत रांची के एयरपोर्ट थाना कांड संख्या 12/26 (टिटोस रेस्टोरेंट फायरिंग केस) के अनुसंधान से हुई. पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य कुबेर उर्फ मनीष सिंह रांची के लालपुर में छिपा है. जिसके बाद पुलिस ने उसे धर दबोचा. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वासेपुर का अफजल अमन उर्फ विराट कोहली इस गिरोह का मुख्य सूत्रधार है, जिसने शूटरों को हथियार और बाइक उपलब्ध कराई थी.

Also Read : सिमडेगा में सागवान लकड़ी की तस्करी का खुलासा, ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
बैंकमोड़ से शुरू हुआ ऑपरेशन सफाया
पुलिस अधिकारियों के आदेश पर रांची पुलिस की टीम धनबाद पहुंचीं और बैंकमोड़ थाना में अफजल अमन से पूछताछ की. दोनों अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने ही प्रिंस खान और गोपी खान के इशारे पर टिटोस रेस्टोरेंट में रंगदारी न मिलने पर फायरिंग करवाई थी. पूछताछ में यह भी पता चला कि गैंग के कुछ अन्य सदस्य भारी मात्रा में बम और हथियारों के साथ भागाबांध इलाके में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए छिपे हैं.
अपराधी कुबेर और अफजल ने चिल्लाकर अपने साथियों के कराया पुलिस के ऊपर फायरिंग
Also Read : असम चुनाव 2026: हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो के 20 स्टार प्रचारक घोषित
सोमवार की सुबह करीब 04:35 बजे जब रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम घेराबंदी करने पहुंची, तो गिरफ्तार अपराधी कुबेर और अफजल ने चिल्लाकर अपने साथियों को सतर्क कर दिया. इसके बाद अपराधियों ने पुलिस को लक्ष्य कर 10-12 राउंड फायरिंग की. अपराधियों की गोली पुलिस के सरकारी वाहन (JH01Y-9682) पर लगी.
जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ कुल छह राउंड गोलियां चलाईं. जवाबी कार्रवाई में अपराधी कुबेर उर्फ मनीष और विक्की डोम के पैरों में गोली लगी.
भारी मात्रा में हथियार और बम बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से और आरोपियों के पास से दो पिस्तौल और जिंदा कारतूस, पांच सुतली बम, घटनास्थल से 9mm और 7.65 एमएम के खोखे बरामद हुए हैं. पुलिस ने इस मामले में प्रिंस खान, गोपी खान, सुजीत सिन्हा, कुबेर, विक्की डोम, अफजल अमन, पप्पू पासवान, शादाब कुरैशी, जावेद खान समेत कई अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

