बोकारो : लापता पुष्पा मामले की जांच में असंवेदनशीलता बरतने वाले थाना प्रभारी अभिषेक रंजन, केस के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर अनिकेत कुमार, एसआईटी में शामिल सब इंस्पेक्टर विवेक पांडे, सब इंस्पेक्टर अनिल यादव व मुंशी अक्षय कुमार को एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही कहा है कि किसी भी पुलिस अधिकारियों का गहरा संबंध हत्यारे से मिला तो उसकी सेवा बर्खास्त के लिए भी मुख्यालय को लिखेंगे. युवती की हत्यारा दिनेश महतो कई लड़कियों के संपर्क में था. अब तक की जांच में 23 सिम कार्ड की जानकारी मिली है, जो चौंकाने वाला है. यह जानकारी कैंप दो स्थित कार्यालय में पत्रकारों को एसपी हरविंदर सिंह ने शनिवार को दी.

हड्डी के 19 टुकड़े बरामद किए गए:
एसपी ने बताया कि घटनास्थल से हत्या में उपयोग किया चाकू, घटना के दिन मृतिका का पहना हुआ कपड़ा, अभियुक्त का चार मोबाइल, मृतका के सिर के बाल में लगा रबर बैंड, शरीर के हड्डी के 19 टुकड़े बरामद किए गए. पुष्पा की हत्या से जुड़े अन्य पौधों की जांच की जा रही है. मामले की जांच एसआईटी में शामिल सिटी डीएसपी आलोक रंजन, बीएस सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदामा कुमार दास, बालीडीह इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम, चीरा चास थाना प्रभारी पुष्पराज व सब इंस्पेक्टर विक्रम कुमार कर रहे हैं.
हाईकोर्ट की फटकार और पुलिसिया कार्रवाई, डीजीपी ने किया जांच टीम का गठन:
इस मामले में पुलिस की शुरुआती भूमिका काफी संदेहास्पद रही थी. पुष्पा की मां रेखा देवी अपनी बेटी की बरामदगी के लिए महीनों तक थाने के चक्कर काटती रहीं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई. थक-हारकर उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया. हाईकोर्ट ने बोकारो पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी की. इसके बाद हड़कंप मच गया और लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन पिंडराजोरा थाना प्रभारी अभिषेक रंजन व मुंशी अक्षय कुमार को हटा दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा की मॉनिटरिंग में वन मैन कमीशन का गठन किया गया और सीआईडी की डीआईजी संध्या रानी मेहता को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई.
जंगल में चला सर्च ऑपरेशन:
शनिवार को चास कॉलेज के पीछे मधुटांड जंगल में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खुदाई की गई. इस दौरान रांची से आई डीआईजी संध्या रानी मेहता और बोकारो एसपी हरविंदर सिंह खुद मौके पर मौजूद रहे. आठ थानों की पुलिस ने पूरे जंगल को सील कर दिया था. खोजी कुत्तों और ड्रोन कैमरों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए.खुदाई के दौरान पुष्पा का कंकाल और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद हुआ.
