रांची: झारखंड सरकार के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों के बाद में राज्य के पुलिस प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. केंद्र सरकार के साथ होने वाली एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक की तैयारी को देखते हुए आज (शनिवार) को पुलिस मुख्यालय सहित सभी संबंधित शाखाओं को सामान्य कार्य दिवस की तरह खुला रखने का निर्णय लिया गया है. यह विशेष तैयारी 23 मार्च को नई दिल्ली में होने वाली उच्च स्तरीय बैठक के लिए की जा रही है. इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह सचिव, भारत सरकार करेंगे. इस बैठक में देश में लागू नई कानूनी व्यवस्था और संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा किया जाएगा. साथ ही साथ झारखंड राज्य से संबंधित 69 विशिष्ट बिंदुओं और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा एवं प्रतिवेदन साझा किया जाएगा. गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश के अनुपालन में डीजीपी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रशाखा, टाइपिंग शाखा और डिस्पैच शाखा अनिवार्य रूप से खुली रहेंगी ताकि रिपोर्ट तैयार करने और भेजने का काम बाधित न हो.


