रांची: जिले में इस बार रामनवमी, चैती छठ, ईद, सरहुल और रमजान जैसे सभी प्रमुख पर्व बहुत ही शांति, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ सम्पन्न हुए. यह आयोजन पूरे राज्य के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया है. इन अवसरों पर लोगों ने मिल-जुलकर सामाजिक एकता और सौहार्द का शानदार परिचय दिया.

डीसी ने जताया आभार
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने इस सफल आयोजन के लिए सभी रांचीवासियों का हृदय से आभार जताया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ त्योहारों का आयोजन नहीं, बल्कि हमारी साझा संस्कृति, विश्वास और एकजुटता का प्रतीक है, जिसने रांची को एक आदर्श शहर के रूप में प्रस्तुत किया है.
Also Read: 1 अप्रैल 2026 से UPI में बड़े बदलाव: OTP से नहीं होगी सभी पेमेंट, जानें नए नियम
संगठनों की भूमिका सराहनीय
जिला प्रशासन ने केंद्रीय शांति समिति, महावीर मंडल, तपोवन मंदिर पूजा समिति, रामनवमी श्रृंगार समिति, चैती दुर्गा पूजा समिति, सरना समिति, मोहर्रम कमिटी, अंजुमन इस्लामिया, गुरुनानक समिति और सभी अखाड़ा समितियों के कार्यों की सराहना की. इन सभी संगठनों ने जिम्मेदारी और समन्वय के साथ काम करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
प्रशासन और जनता का संयुक्त प्रयास
इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, नगर निगम, बिजली विभाग और मीडिया की सक्रिय भागीदारी भी रही. सभी के संयुक्त प्रयास, सतर्कता और समर्पण के कारण पूरे जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रही और लोगों ने अपने-अपने त्योहार खुशी और सुरक्षित माहौल में मनाए.
