गढ़वा: जिले के शिक्षा विभाग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो ने विद्यालयी अनुशासन की धज्जियां उड़ा दीं. गढ़वा जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा ने कड़ा रुख अपनाते हुए मेराल अंचल के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सोहबरिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है, वहीं दो अन्य शिक्षकों पर सेवा समाप्ति की तलवार लटक रही है.

क्या है पूरा मामला?
मामला आठवीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के विदाई समारोह से जुड़ा है. इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में देखा गया कि विद्यालय परिसर के भीतर न केवल डीजे लगाया गया, बल्कि उस पर बेहद अशोभनीय और अश्लील गीत बजाए जा रहे थे. मर्यादा की सीमा तब पार हो गई जब विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक छात्राओं के साथ आपत्तिजनक तरीके से थिरकते नजर आए. शिक्षा विभाग ने इसे शैक्षणिक वातावरण की गरिमा के खिलाफ और शिक्षक की मर्यादा का घोर उल्लंघन माना है.प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक कुंदन कुमार रंजन को झारखंड सरकारी सेवक नियमावली, 2016′ के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन की अवधि के दौरान कुंदन कुमार का मुख्यालय क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, गढ़वा तय किया गया है. उन्हें प्रतिदिन बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करानी होगी, जिसके पश्चात ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा. सहायक शिक्षक पुरुषोत्तम पंडित एवं सुबेश्वर राम के आचरण को भी गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है. झारखंड सहायक अध्यापक सेवाशर्त नियमावली 2021′ के तहत इन दोनों शिक्षकों की सेवा समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

