गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत कजरो–पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे एक पेड़ के पास एक युवक का शव बरामद किया गया. घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में डर और शोक का माहौल है.

सुबह टहलने निकले लोगों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह जब कुछ स्थानीय ग्रामीण मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे, तभी उनकी नजर पिंडाटांड़ से कुछ दूरी पर सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे पड़े युवक पर पड़ी. पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मृत्यु हो चुकी है.ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मुखिया को दी, जिन्होंने तत्काल पचम्बा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. छानबीन के दौरान मृतक की पहचान बडीयाबाद निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी (पिता- रहमान अंसारी) के रूप में की गई.
शनिवार रात से था लापता
परिजनों ने बताया कि इब्राहीम पेशे से एक ट्रैक्टर चालक था. शनिवार की रात वह किसी काम के सिलसिले में घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा. परिवार वाले उसकी तलाश कर ही रहे थे कि रविवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

