Giridih : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने रविवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया और अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान DC ने H.E. हाई स्कूल, कार्मेल स्कूल, पचंबा हाई स्कूल, हनी होली विद्यालय सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया. उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों के सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति और अन्य बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.
एडमिट कार्ड व पहचान पत्र की जांच कर DC ने परखी परीक्षा व्यवस्था
DC ने स्वयं भी कुछ परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड और पहचान पत्रों की जांच कर सत्यापन प्रक्रिया का निरीक्षण किया. साथ ही परीक्षार्थियों से बातचीत कर परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और उन्हें शांतिपूर्ण माहौल में बिना किसी तनाव के परीक्षा देने के लिए शुभकामनाएं दीं. निरीक्षण के दौरान DC ने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों तथा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से परीक्षा संचालन की पूरी जानकारी प्राप्त की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा कदाचार की संभावना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
DC रामनिवास यादव ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, निष्पक्ष और तनावमुक्त परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है. इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की गई है. उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि पूरी परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके. प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष परीक्षा आयोजन को लेकर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.
Also Read : मंत्री इरफान अंसारी ने कहा – केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सोनम वांगचुक की हेल्थ बुलेटिन जारी करें
