गुमला: डीसी प्रेरणा दीक्षित द्वारा जिले में रहने वाले आम नागरिकों को सही रूप से घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके, इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. डीसी के निर्देश के बाद जिले के वरीय पदाधिकारियों को लगातार गैस एजेंसी के मालिकों के साथ बैठक करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है कि लोगों को समय पर और सुचारू रूप से गैस सिलेंडर मिल सके. हालांकि कई स्थानों पर गैस सिलेंडर मिलने में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से लगातार सुधार के प्रयास जारी हैं.
जिला और प्रखंड स्तर पर टीम गठित
डीसी प्रेरणा दीक्षित ने जिले से लेकर प्रखंड स्तर तक विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया है, ताकि प्रशासनिक निगरानी में गैस सिलेंडर का वितरण सुनिश्चित किया जा सके. प्रशासन का उद्देश्य है कि घरेलू उपयोग के लिए गैस सिलेंडर आम लोगों को आसानी से उपलब्ध हो. इसी क्रम में वितरण व्यवस्था पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और गैस आपूर्ति प्रणाली को दुरुस्त करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं.
व्यावसायिक उपयोग पर रोक के लिए छापेमारी अभियान
डीसी के निर्देश के बाद प्रशासन द्वारा विभिन्न दुकानों और होटलों में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस दौरान यह जांच की जा रही है कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक कार्यों में तो नहीं किया जा रहा है. इसी को लेकर जिला प्रशासन की टीमों द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है.
Also Read: टिटोस फायरिंग केस : शूटर सचिन ने खोला राज, हत्या के लिए 5 हजार मिला था एडवांस, 1 लाख में हुई थी डील
प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में रसोई गैस की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया.
इस क्रम में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गुमला संगीता केरकेट्टा के नेतृत्व में जिले के विभिन्न होटलों, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया.
निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों की स्थिति सामने आई
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि अधिकांश प्रतिष्ठानों में भोजन बनाने के लिए लकड़ी के चूल्हे का उपयोग किया जा रहा है. कुछ स्थानों पर व्यावसायिक (कॉमर्शियल) गैस सिलेंडर और उपकरण जैसे कमर्शियल हीटर भी रखे हुए पाए गए, लेकिन घरेलू गैस सिलेंडरों के अनाधिकृत उपयोग का कोई मामला सामने नहीं आया.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है. भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी लगातार जारी रहेगी. किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
आम नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि रसोई गैस के दुरुपयोग से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
