हजारीबाग: बरही थाना क्षेत्र के जवाहर घाटी स्थित तिलैया डैम पुल पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. मछली से लदा एक अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे डैम के गहरे पानी में जा गिरा. इस हादसे में ट्रक चालक पानी में समा गया है, जिसकी तलाश जारी है, जबकि उपचालक गंभीर रूप से घायल हो गया है.

जानकारी के अनुसार, ट्रक मछली लेकर बरही से कोडरमा की ओर जा रहा था. जैसे ही वह जवाहर घाटी के पास पहुंचा, चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया. रफ्तार अधिक होने के कारण ट्रक पुल की सुरक्षा दीवार और रेलिंग को तोड़ते हुए लगभग 40–50 फीट नीचे डैम के गहरे पानी में जा गिरा. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक में लदी मछलियां सड़क और आसपास के इलाके में बिखर गईं.
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायल उपचालक को मलबे से निकालकर बरही अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.
ट्रक पानी में पूरी तरह डूब चुका है. आशंका जताई जा रही है कि चालक का शव ट्रक के अंदर ही फंसा हो सकता है. फिलहाल गोताखोरों और क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकालने और चालक का पता लगाने के प्रयास जारी हैं.

