रांची: झारखंड में आगामी त्योहारों रामनवमी और हनुमान जयंती के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है. आईजी स्पेशल ब्रांच ने राज्य के सभी जिलों की सुरक्षा स्थिति का आकलन कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है. इस रिपोर्ट के आधार पर गृह सचिव, डीजीपी सहित सभी जिलों के डीसी व एसपी को अलर्ट जारी कर दिया गया है.

सांप्रदायिक दृष्टिकोण से हजारीबाग सबसे संवेदनशील
स्पेशल ब्रांच की रिपोर्ट में हजारीबाग जिले को सांप्रदायिक दृष्टिकोण से अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है. रिपोर्ट के अनुसार, 24 मार्च को अंतिम मंगला जुलूस निकाला जाएगा, 26 मार्च को रामनवमी का मुख्य पर्व है और दो अप्रैल को हनुमान जयंती मनाई जाएगी. इस 10-12 दिनों की अवधि के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा आपसी सौहार्द्र बिगाड़ने की आशंका जताई गई है, जिसे देखते हुए विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं.
Read Also: सिमडेगा में चैती छठ की शुरुआत, उपायुक्त कंचन सिंह ने निभाई परंपरा, दिखी आस्था की झलक
इन थाना क्षेत्रों पर रहेगी पैनी नजर
रांची जिला का रातू, लोअर बाजार और बेड़ो. हजारीबाग जिला का बड़कागांव, कोर्रा, बरही, सदर और लोहसिंहघना. जमशेदपुर जिला का कोवाली और जुगसलाई. लोहरदगा जिला का कुड़ू और सदर थाना. खूंटी का तपकरा, गुमला का सदर, बोकारो का पेक नारायण, नावाहडीह और साहिबगंज का नगर थाना शामिल है.

