चांडिल में भीषण सड़क हादसा : महिला की मौके पर मौत, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि...

सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा टाटा–रांची–पुरुलिया न्यू बायपास सड़क पर गांगुडीह के पास सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ. जानकारी के अनुसार, मंथन कुम्हार, कलावती देवी और ज्योत्सना कुम्हार बाइक से चांडिल से घोड़नेगी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रहे तमिलनाडु नंबर के तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक सवारों को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया, जिससे कलावती देवी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं मंथन कुम्हार और ज्योत्सना कुम्हार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया.

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर न्यू बायपास सड़क को जाम कर दिया. ग्रामीणों ने सड़क पर स्ट्रीट लाइट, गांव का नाम दर्शाने वाला बोर्ड, घनी आबादी क्षेत्र का संकेतक और जेब्रा क्रॉसिंग की व्यवस्था करने की मांग उठाई. सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. खबर लिखे जाने तक सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक सड़क जाम जारी था.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *